पाकुड़िया-दुमका मुख्य मार्ग पर पलटा 18 चक्का ट्रेलर, 33 केवी बिजली पोल टूटा; बाल-बाल बचे लोग
18-wheeler trailer overturns on Pakuria-Dumka main road, 33kV electricity pole snaps; people have a narrow escape.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पाकुड़िया-दुमका मुख्य मार्ग पर लकड़ापहाड़ी (डहरनगी) स्थित पुल और इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गिट्टी से लदा एक 18 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि हादसे के बाद ट्रेलर चालक और उपचालक मौके से फरार हो गये, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर पलटने के दौरान सड़क किनारे स्थित 33 हजार वोल्ट (33 केवी) के बिजली पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कारण आसपास के इलाके की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन कर रही है और आपूर्ति बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर का नंबर BR-06GH-2451 बताया गया है। हादसे के बाद सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसके चलते प्रशासन और पुलिस ने वाहन को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का प्रयास है कि मार्ग पर यातायात जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके। घटना की सूचना मिलते ही पाकुड़िया थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही फरार चालक और उपचालक की तलाश भी की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक स्थानीय प्रशासन ने लोगों से दुर्घटनास्थल के आसपास सावधानी बरतने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की, जब तक कि सड़क और बिजली व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती।



