प्राचीन गंगा मंदिर में शराबियों के उत्पात को रोकने पर पुजारी की पिटाई
घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया…
हापुड (यूपी)- हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में आस्था के केंद्र प्राचीन श्री गंगा मंदिर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथित तौर पर शराब के नशे में कुछ लोग गंगा मंदिर परिसर में घुस आए और हुड़दंग करना शुरू कर दिया। आरोप है कि मंदिर की मर्यादा बनाए रखने की अपील करना पुजारी को भारी पड़ गया । विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें उनका हाथ टूट गया और पैर में भी गंभीर चोट आई है । घटनास्थल और पुजारी से मारपीट की घटना मंदिर में लगें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुईं हैं।
जानकारी के अनुसार, गढ़मुक्तेश्वर स्थित प्राचीन गंगा मंदिर के पुजारी उदित नारायण तिवारी कल देर शाम की नियमित पूजा-अर्चना में व्यस्त थे। इसी दौरान कुछ युवक शराब के नशे में मंदिर परिसर में पहुंचे और सीढ़ियों पर शोर-शराबा करने लगे। माहौल धीरे-धीरे तनावपूर्ण हो गया और मंदिर की शांति और मर्यादा भंग होने लगी ।
मंदिर के पुजारी उदित नारायण तिवारी ने युवकों को मंदिर परिसर की गरिमा बनाए रखने और मंदिर परिसर से बाहर जाने के लिए कहा । इसी बात पर विवाद बढ़ गया।
पुजारी की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर उन पर हमला कर दिया। घायल पुजारी ने गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जबकि वही गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि , पुजारी की शिकायत के आधार पर मारपीट करने वाले आरोपी हरीशदास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जाएगी ।



