खैरथल

खैरथल में जयपुर रेंज आईजी का सख्त संदेश

अपराध पर जीरो टॉलरेंस की निति अपनाये

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल : जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश गुरुवार को खैरथल पहुंचे और जिले की कानून-व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने सबसे पहले एसपी कार्यालय में क्राइम मीटिंग लेकर लंबित मामलों, गंभीर अपराधों और थानों की कार्यप्रणाली का फीडबैक लिया। इसके बाद जिला कलेक्ट्रेट और खैरथल थाने का निरीक्षण कर अधिकारियों से विभिन्न मामलों की जानकारी प्राप्त की।
क्राइम मीटिंग के दौरान आईजी ने जिले में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। थानों में अनावश्यक पेंडेंसी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने साइबर अपराधों को लेकर भी विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों से होने वाली ठगी लगातार चुनौती बन रही है, लेकिन खैरथल पुलिस इस दिशा में लगातार सक्रियता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के नेतृत्व में पूरी टीम साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है। आमजन को भी साइबर ठगी से बचाव के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस विभाग में लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत पुलिसकर्मियों के तबादलों को लेकर आईजी ने कहा कि इस संबंध में विभाग गंभीरता से काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि खैरथल पुलिस जिले में वर्तमान में केवल एक ही सर्किल होने के कारण प्रशासनिक स्तर पर कुछ व्यावहारिक समस्याएं सामने आ रही हैं। इसी वजह से लंबे समय से जमे कर्मचारियों का स्थानांतरण तुरंत संभव नहीं हो पाया है। हालांकि इन बाधाओं का समाधान कर जल्द ही ऐसे पुलिसकर्मियों का स्थान परिवर्तन किया जाएगा, ताकि पुलिस व्यवस्था अधिक प्रभावी और पारदर्शी बन सके।
आईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार ही पुलिस की पहचान होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। इस दौरान एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय, एएसपी जयासिंह, डीएसपी लालसिंह यादव, सहित सभी थानों के थाना प्रभारी मौजूद रहें
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button