ललितपुर

बारिश में ढहा कच्चा मकान

बेघर हुई आदिवासी महिलाओं ने डीएम से लगाई आवास की गुहार

महरौनी के कपासी रोड की महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा प्रार्थना पत्र
सरकारी योजना के तहत मकान दिलाने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। लगातार हो रही बारिश ने महरौनी कस्बे के एक गरीब आदिवासी परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के चलते कच्चा मकान ढह जाने से परिवार बेघर हो गया। सिर छिपाने का सहारा छिनने के बाद पीडि़त महिलाओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए सरकारी आवास योजना के तहत मकान उपलब्ध कराने की मांग की। प्रार्थना पत्र के अनुसार महरौनी कस्बे के कपासी रोड पर रहने वाली गीता पत्नी महेश आदिवासी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण उनका कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। घर में रखा राशन, कपड़े, बिस्तर तथा अन्य घरेलू सामान भी बारिश में भीगकर खराब हो गया। पीडि़ता ने बताया कि उनका परिवार अत्यंत गरीब है और मजदूरी कर किसी तरह जीवनयापन करता है। परिवार में छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनका पालन-पोषण करना भी मुश्किल हो रहा है। उनके पास न अपनी जमीन है और न ही कोई स्थायी आय का साधन। ऐसे में मकान गिरने के बाद रहने के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं बचा है। महिलाओं ने जिलाधिकारी से मांग की कि उनकी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को देखते हुए मानवीय आधार पर किसी सरकारी आवास योजना अथवा उपलब्ध आवास में उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मकान आवंटित किया जाए, ताकि बरसात के मौसम में परिवार को सुरक्षित आश्रय मिल सके। कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रार्थना पत्र देने वालों में गीता पत्नी महेश आदिवासी, सुक्को पत्नी स्व.पप्पू आदिवासी, संतोष पत्नी द्वारका आदिवासी शामिल रहीं। महिलाओं ने प्रशासन से शीघ्र राहत उपलब्ध कराने और आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button