बरेली
जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक नवाबगंज तथा जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान का किया शुभारम्भ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली । जनपद में शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से आज कम्पोजिट विद्यालय, जसौली नगर में स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक नवाबगंज डॉ0 एम0पी0 आर्य तथा जिलाधिकारी अविनाश सिंह की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में अभिभावकों एवं जनसामान्य से अपील की गई कि वे अपने आस-पास के प्रत्येक बालक एवं बालिका का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने में सहयोग करें तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल चलो अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए डोर-टू-डोर संपर्क, व्यापक जन जागरूकता अभियान तथा सतत अनुश्रवण के माध्यम से विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान कर उनका शीघ्र नामांकन कराया जाए। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों तथा अभिभावकों से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी अपने अपने क्षेत्र में स्कूल चलो अभियान की रैली का आयोजन करें। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ0 विनीता ने बताया इस समय जनपद में ‘रोको टोको स्कूल भेजो अभियान’ संचालित है जिसके अंतर्गत यदि स्कूल जाने वाली आयु वर्ग का कोई बच्चा स्कूल ना जाते हुए पाया जाता है तो उसे विद्यालय भेजने हेतु अभिभावकों से बात की जाती है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, अभिभावकगण, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



