
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली/बदायूं। भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए संप्रति उप निरीक्षक कृष्णपाल सिंह को 6000/- रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
आरोपी कृष्णपाल सिंह पुत्र स्व0 दुन्दीलाल, निवासी ग्राम करतौली थाना फतेहगंज पूर्वी जनपद बरेली उत्तर प्रदेश पुलिस थाना एंटी पॉवर थेफ्ट, उसावां रोड जनपद बदायूं में तैनात है।
शिकायतकर्ता हेमराज पुत्र पूरनलाल निवासी ग्राम नैथू थाना अलापुर जनपद बदायूंने शिकायत की थी कि आरोपी बिजली चोरी के मुकदमे में जेल न भेजने और मुकदमा खत्म करने के बदले 6000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए उ0प्र0 शासन के आदेश व पुलिस अधीक्षक भ्रष्टाचार निवारण संगठन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में कार्रवाई की गई।
ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक रामलाल पाण्डेय के नेतृत्व में भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम थाना एंटी पॉवर थेफ्ट बदायूं के परिसर में स्थित डिवीजन द्वितीय वितरण खण्ड कार्यालय जनपद बदायूं से आरोपी को उत्कोच की रकम 6000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के दौरान रिश्वत की रकम बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



