संदिग्ध हालात में महिला की शव बरामद, हत्या की आशंका पर जांच तेज
Woman's body found under suspicious circumstances; investigation intensified amid suspicion of murder.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के डूमचीर जेटकाटोला में बुधवार को 21 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर से मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। महिला का शव खून से सना हुआ था और उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है। मृतका की पहचान मारुति मरांडी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगड़ा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की मां मरांगमाई हेंब्रम ने बताया कि मारुति उनकी इकलौती बेटी थी। बुधवार सुबह जब उन्होंने उसे बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा देखा तो उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, मारुति की तीन शादियां हो चुकी थीं और वह इन दिनों अपनी मां के साथ रह रही थी। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है ताकि घटना की असल वजह का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला के सिर पर किसी धारदार या नुकीले हथियार से हमला किया गया हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगड़ा ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मृतका के पारिवारिक संबंधों, पूर्व वैवाहिक जीवन और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।



