
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 30 से सामने आई तस्वीरें विकास के दावों की वास्तविकता बयां कर रही हैं। विडंबना यह है कि जिस वार्ड में नगर निगम का मुख्यालय स्थित है, उसी वार्ड की स्थिति बदहाल बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
वार्ड क्रमांक 30 के ग्राम पचखोरा सहित कई क्षेत्रों में नालियां जाम पड़ी हैं, सड़कों पर गहरे गड्ढे हैं और कई स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है। रहवासियों का आरोप है कि विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पूरे वार्ड का निरीक्षण किया जाए तो अनेक स्थानों पर साफ-सफाई और मरम्मत कार्यों की आवश्यकता दिखाई देगी। बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और यदि समय रहते नालियों की सफाई नहीं कराई गई तो जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे लोगों के घरों में पानी घुसने का खतरा बढ़ जाएगा तथा आवागमन भी प्रभावित होगा।
नागरिकों ने नगर निगम महापौर, आयुक्त एवं संबंधित पार्षद से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 30 का तत्काल भ्रमण कर समस्याओं का जायजा लिया जाए तथा नालियों की सफाई, सड़क मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
लोगों का कहना है कि विकास केवल कागजों और दावों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसकी झलक आम नागरिकों को अपने मोहल्लों और वार्डों में भी दिखाई देनी चाहिए।




