मथुरा
वृंदावन को मांट से जोड़ने वाले दो पांटून पुल हटने शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन को मांट क्षेत्र से जोड़ने वाले दो पांटून पुलों को हटाने का कार्य लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दिया है। इससे यात्रियों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। विभाग द्वारा पुल वाले स्थानों पर दो स्टीमर संचालित किए जाएंगे, जो कि नि:शुल्क यात्रियों को नदी पार कराएंगे। बरसात में यमुना नदी के किनारे कटान होने पर पुल के टूटने और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग ने केसी घाट और देवरहा बाबा घाट पर बने पांटून पुल पर यात्रियों का आवागमन बंद कर दिया है। केसी घाट पर पांटून पुल के स्लीपर हटाने का कार्य शुरू हो गया है। मांट की ओर से पांच स्लीपर हटा दिए हैं। इसके बावजूद राहगीर जान हथेली पर रखकर गार्डर के ऊपर से होकर पुल पार कर रहे हैं। हालांकि विभाग द्वारा पांटून पुल बंद करने की सूचना का बोर्ड ओर लाल झंडी भी लगा दी है। उधर देवरहा बाबा घाट पर पांटून पुल को भी हटा कर नदी के किनारे लगा दिया है। लोक निर्माण विभाग के स्टीमर चलाने के टेंडर होने से पहले ही नाविकों ने अपनी मोटर बोट चलानी शुरू कर दी हैं। इनमें नाविक प्रतियात्री 10 रुपये और प्रति दुपहिया वाहन 20 रुपये किराया वसूल रहे है।



