धनबाद
धनबाद के नेरो गांव से महिलाओं के लिए नई शुरुआत
उपायुक्त ने शुरू किया निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
धनबाद। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने तोपचांची प्रखंड के स्वावलंबी गाँव नेरो में अत्याधुनिक निःशुल्क सिलाई एवं कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। साथ ही ग्रामीणों के बीच कृषि उपकरणों का भी वितरण किया गया।
उपायुक्त ने प्रशिक्षण ले रही महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि हुनर ही आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी ताकत है। यह केंद्र महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।
उद्घाटन के बाद आयोजित रात्रि चौपाल में उपायुक्त ने ग्रामीणों की समस्याएं सीधे सुनीं। राशन, पेंशन, आवास, पेयजल, बिजली और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई ताकि अधिक से अधिक लोग उनका लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर बीडीओ, सीओ, प्रखंड प्रमुख, मुखिया, वार्ड सदस्य एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।




