पीएमश्री उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय पाकुड़िया में 90 दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
90-Day Legal Awareness Program Organized at PM SHRI Upgraded Girls' High School, Pakuria

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़िया, पाकुड़। झालसा, रांची के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पाकुड़ के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दिवाकर पांडेय के निर्देश एवं डालसा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में चल रहे 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत शनिवार को पीएमश्री उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय, पाकुड़िया में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल ने छात्राओं को संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, शिक्षा का अधिकार, कौशल विकास तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संवाद के माध्यम से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ाने, अनुशासन का पालन करने, जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। पैनल अधिवक्ता एल्बिना किस्कू एवं सुचंद्रा पांडे ने बताया कि प्रत्येक नागरिक के लिए कानून की जानकारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है तथा जरूरतमंदों को मुफ्त अधिवक्ता भी प्रदान करता है। साथ ही राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए लोगों से अनावश्यक कानूनी विवादों से बचने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान नालसा की योजनाओं की जानकारी देते हुए निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी बताया गया। छात्राओं को डायन-बिसाही, बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों एवं उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों और दंड के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षिकाएं, पारा लीगल वॉलंटियर्स सीमा साहा, प्रियंका झा, मल्लिका सरकार, पिंटू मरांडी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।



