
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। देवीपुरा क्षेत्र स्थित एक साड़ी फैक्टरी में तड़के आग लग गई। अग्निशमन की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घटना में लाखों रुपये का सामान जल गया। फिलहाल अग्निशमन विभाग नुकसान का आंकलन कर रहा है। पुलिस के अनुसार, बाटी रोड पर देवीपुरा क्षेत्र में अखिलेश अग्रवाल की राम रसिया नाम से टैक्सटाइल की फैक्टरी है। बुधवार शाम को कार्य समाप्त करके सभी कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए। बृहस्पतिवार तड़के फैक्टरी से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों की टीम ने आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फैक्टरी संचालक के अनुसार आग से तैयार साड़ियों का स्टॉक, कपड़ा, मशीनों का कुछ हिस्सा और अन्य सामान जल गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। अग्निशमन अधिकारी अरुण सिंह का कहना है नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।



