ललितपुर
रावतयाना गोविंद नगर में आवारा कुत्तों का आतंक, बच्चों और बुजुर्गों पर हमले से दहशत
कुत्तों के डर से बच्चों को लेने डंडे लेकर स्कूल पहुंचे अभिभावक

मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका से की कार्रवाई की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के वार्ड नंबर 23 स्थित रावतयाना गोविंद नगर में आवारा कुत्तों के आतंक से मोहल्लेवासी परेशान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में घूम रहे कुछ आवारा कुत्ते बच्चों और बुजुर्गों को काट रहे हैं। इससे लोगों में दहशत का माहौल है और अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। मोहल्लेवासियों ने बताया कि कुत्तों के हमले की आशंका के चलते अब बच्चों को अकेले स्कूल भेजने में भी डर लग रहा है। स्थिति यह है कि गुरुवार को कई अभिभावक डंडे लेकर बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे, ताकि रास्ते में आवारा कुत्तों से बच्चों की सुरक्षा कर सकें। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़ी घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका परिषद से मांग की है कि वार्ड नंबर 23 के रावतयाना गोविंद नगर में घूम रहे आवारा कुत्तों की समस्या का जल्द समाधान कराया जाए। लोगों ने संबंधित कर्मचारियों को भेजकर स्थिति का जायजा लेने और बच्चों, बुजुर्गों सहित अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि आवारा कुत्तों के कारण रोजमर्रा के कामकाज और बच्चों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर लोगों को इस समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।



