हापुड़

पुलिस चौकी में घुसकर युवक ने मचाया उत्पात

दारोगा की कैप पहनकर फाड़े कागजात, वीडियो वायरल...

आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया..

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो

हापुड (यूपी) । हापुड़ जिले के हापुड़ देहात थाना क्षेत्र स्थित दोयमी पुलिस चौकी में शनिवार देर शाम को एक युवक ने जमकर उत्पात मचाया। जिसे बाद में मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने हिरासत में लेकर थाना हापुड़ देहात पहुंचाया । आरोपी युवक के खिलाफ विधिक कार्यवाही की गई है ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कथित तौर पर नशे की हालत में चौकी में घुसे युवक ने पुलिस चौकी इंचार्ज सूरजपाल की कुर्सी पर बैठकर दारोगा की कैप पहन ली और मेज पर रखे सरकारी कागजात फाड़ने लगा । घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया ।

बताया जा रहा है कि युवक ने हापुड देहात थाना क्षेत्र की दोयमी पुलिस चौकी परिसर में रखे गमले उठाकर फेंक दिए और गेट, शीशे, बेंच समेत अन्य सामान में भी तोड़फोड़ की । घटना के समय चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं थे। युवक के आक्रामक रवैये के चलते आसपास मौजूद लोग भी उसे रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सके । सूचना मिलने पर हापुड देहात थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और युवक को काबू में लिया और उसे हिरासत में लेकर हापुड देहात थाने लाया गया । तोड़फोड़ के दौरान टूटे शीशे से युवक के हाथ और पैर में चोट भी आई हैं । इसके बाद उसे पुलिस द्वारा मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है । जिसके बाद आरोपी युवक के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जा रही है ।

हापुड देहात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पारस मलिक के मुताबिक, युवक अपना नाम रिंकू बता रहा है। प्रारंभिक जांच में उसके नशे की हालत में होने की आशंका है। मेडिकल रिपोर्ट और नशा उतरने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी। तोड़फोड़ में चौकी का दरवाजा, गेट का शीशा, गमले और बेंच क्षतिग्रस्त हुए हैं। मामले की जांच जारी है।

हापुड पुलिस ने मीडिया सेल के माध्यम से प्रेस नोट जारी करते हुए बताया कि थाना हापुड़ देहात पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए शराब के नशे में पुलिस चौकी में घुसकर तोड़-फोड़ करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है , जिसके उसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है ।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button