सिंगरौली

ड्यूटी के दौरान श्रमिक हुआ था लापता

प्लांट परिसर में फंदे से लटका मिला शव; पुलिस ने शुरू की जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। जिले के शासन चौकी क्षेत्र स्थित रिलायंस सासन पावर प्लांट में कार्यरत श्रमिक जगदीश साकेत का शव रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में प्लांट परिसर के भीतर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में परिजन, स्थानीय ग्रामीण और श्रमिक मौके पर पहुंच गए, जिससे प्लांट परिसर के बाहर तनावपूर्ण माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, जगदीश साकेत ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन रविवार को उनका शव प्लांट परिसर में फंदे से लटका हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की वास्तविक परिस्थितियों को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है और इसे आत्महत्या का स्वरूप देने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक किसी भी आधिकारिक एजेंसी ने पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही हो सकेगा।
एहतियात के तौर पर प्लांट परिसर के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button