डेंगू रोधी माह: एसपी अनुदीप सिंह के आवास पर चला कंटेनर सर्वे, लोगों से सतर्क रहने की अपील
Anti-Dengue Month: Container survey conducted at SP Anudeep Singh's residence; people urged to remain vigilant.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में मनाए जा रहे डेंगू रोधी माह के तहत सोमवार को पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के आवास परिसर में डेंगू कंटेनर सर्वे अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिसर का निरीक्षण कर गमलों एवं अन्य पात्रों में सात दिनों से अधिक समय से जमा पानी को हटाया, ताकि डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर के लार्वा के पनपने पर रोक लगाई जा सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी ने भी अभियान में भाग लिया। उन्होंने जिलेवासियों से अपने घर, आंगन, छत, गमलों, कूलर, टायर तथा अन्य जल-जमाव वाले स्थानों की नियमित सफाई करने और कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय साफ-सफाई बनाए रखना और जल-जमाव को रोकना है। अभियान को सफल बनाने में राज किशोर प्रसाद (केटीएस), रंजन कर्मकार (एमपीडब्ल्यू), राकेश कुमार सिंह (एमपीडब्ल्यू) सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन “ड्राई डे” मनाने, सभी जल-पात्रों को खाली कर उनकी सफाई करने तथा डेंगू रोकथाम अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।



