गाजियाबाद
झाड़ू छोड़, झंडा पकड़!, क्या लोनी में सफाई कर्मचारियों का नया विभाग बन गया है ‘राजनीतिक स्वागत प्रकोष्ठ’?

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष रोहित मिश्रा के गाजियाबाद आगमन पर स्वागत कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग को लेकर लोनी में चर्चाओं का बाजार गर्म हैं। आरोप है कि लोनी नगरपालिका परिषद के सभासद दल के अध्यक्ष रोहित भारद्वाज अपने समर्थकों के साथ गाजियाबाद पहुंचे, जिनमें नगरपालिका की सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को भी तख्तियां और बैनर पकड़ाकर भीड़ का हिस्सा बनाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोनी में पहले से ही सफाई व्यवस्था बदहाल है। जगह-जगह कूड़े के ढेर, बजबजाती नालियां और गंदगी से लोग परेशान हैं। इसके बावजूद सफाई कर्मचारियों के राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के आरोप जनता के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब नगरपालिका सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदार एजेंसी ए बी इनवायरो प्राइवेट लिमिटेड को हर माह करोड़ों रुपये का भुगतान किया जा रहा है, तो उसके कर्मचारी वार्डों की सफाई करने के बजाय नेताओं के स्वागत और शक्ति प्रदर्शन में क्यों दिखाई दे रहे हैं। आरोप यह भी है कि कई कर्मचारी ड्यूटी के समय राजनीतिक कार्यक्रमों में लगाए जाते हैं, जिससे सफाई कार्य प्रभावित होता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अब ऐसा लगता है जैसे कुछ जनप्रतिनिधियों के लिए सफाई कर्मचारी “जनसेवा” से ज्यादा “नेता सेवा” में व्यस्त हैं। व्यंग्य करते हुए लोग कह रहे हैं कि यदि यही हाल रहा तो झाड़ू की जगह तख्तियां और कूड़ेदान की जगह स्वागत द्वार ही उनकी नई कार्यस्थली बन जाएंगे।
यह पहला अवसर नहीं है जब इस तरह के आरोप सामने आए हों। इससे पहले भी विभिन्न राजनीतिक कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने के लिए सफाई कर्मचारियों के उपयोग को लेकर विधायक और चेयरमैन समर्थकों के बीच एक-दूसरे पर आरोप लगते रहे हैं। नेताओं की सभाओं में भीड़ तो बढ़ती दिखाई देती है, लेकिन शहर की गलियों से गंदगी कम होने का नाम नहीं ले रही।
अब बड़ा सवाल यही है लोनी की सफाई व्यवस्था का जिम्मेदार आखिर कौन है? जनता को साफ सड़कें चाहिए या नेताओं को स्वागत के लिए तैयार भीड़?




