रामपुर शाहबाद
उपजिलाधिकारी ने बाढ़ चौकियों का किया निरीक्षण
बाढ़ से निपटने को प्रशासन की तैयारियां पूरी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शाहबाद। मानसून के चलते तहसील प्रशासन ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित बाढ़ चौकियों का एसडीएम आदेश कुमार ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित प्रभारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने बताया कि तहसील क्षेत्र में हर वर्ष रामगंगा, गागन, कोसी और राजेड़ा नदियों के उफान से कई गांव प्रभावित होते हैं। इसे देखते हुए पहले से ही चार बाढ़ चौकियां स्थापित कर दी गई हैं। प्रत्येक चौकी पर प्रभारियों की तैनाती की गई है, ताकि बाढ़ की स्थिति बनने पर ग्रामीणों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।उन्होंने बताया कि तहसील के 211 गांवों में से 78 गांव बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील हैं। इन गांवों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। तहसील मुख्यालय पर भी राहत एवं बचाव से जुड़ी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बाढ़ चौकियों पर रहेगी विशेष निगरानी
सैफनी किसान सेवा समिति, पंचायत घर पटवाई, प्राथमिक विद्यालय किर तथा राजकीय इंटर कॉलेज रेवड़ी कला में बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। यहां से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी के साथ राहत कार्यों का संचालन किया जाएगा।
मानसून के मद्देनजर सभी बाढ़ चौकियां स्थापित कर दी गई हैं। चौकियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
— आदेश कुमार, एसडीएम शाहबाद


