दुमका में रोजगार मेले का आयोजन, 168 अभ्यर्थियों का चयन
Job fair organized in Dumka; 168 candidates selected.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। जिला प्रशासन एवं श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दुमका द्वारा सोमवार को सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में वित्तीय वर्ष 2026-27 का द्वितीय एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया गया। मेले का शुभारंभ पूर्वाह्न 10:30 बजे हुआ। सहायक निदेशक (नियोजन) संदीप किस्पोट्टा ने रोजगार मेले की जानकारी देते हुए कहा कि नियोजनालय बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से ऐसे आयोजन करता है। उन्होंने विभाग द्वारा दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं की भी जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न नियोजकों ने अपने संस्थानों में उपलब्ध रिक्तियों और रोजगार की संभावनाओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 16 कंपनियों एवं उनके प्रतिनिधियों ने कुल 2,450 रिक्तियों के साथ भाग लिया। मेले में लगभग 515 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर साक्षात्कार में हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 168 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों पर चयन किया गया, जबकि 277 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। कार्यक्रम में कौशल विकास केंद्र एवं सरकारी आईटीआई, दुमका के प्रशिक्षणार्थियों ने भी भाग लिया। उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार, कार्य संस्कृति और चयन प्रक्रिया से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी गई। नियोजन विभाग ने बताया कि रोजगार मेलों के माध्यम से नियोजकों और रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों को एक मंच उपलब्ध कराया जाता है। रोजगार संबंधी रिक्तियों की जानकारी विभागीय पोर्टल www.jharniyojan.jharkhand.gov.in� तथा dumka.nic.in के साथ-साथ स्थानीय समाचार पत्रों में भी प्रकाशित की जाती है।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक (नियोजन) संदीप किस्पोट्टा, जिला कौशल विकास पदाधिकारी प्रीति कुमारी, सरकारी आईटीआई के प्राचार्य एवं प्रशिक्षण पदाधिकारी सहित नियोजनालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


