शामली
कांधला में आयोजित बैठक में कांवड़ यात्रा को सौहार्दपूर्ण बनाने का संकल्प
पालिका व पंचायत अध्यक्षों ने ली शपथ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला : नगर में आयोजित स्थानीय निकाय अध्यक्ष एसोसिएशन की बैठक में शामली जिले की तीन नगर पालिकाओं और छह नगर पंचायतों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों ने कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के साथ संपन्न कराने का संकल्प लिया। बैठक में नगरों के विकास, साफ-सफाई, कानून व्यवस्था और प्रशासन के साथ समन्वय को मजबूत बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
नगर स्थित नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं स्थानीय निकाय अध्यक्ष एसोसिएशन के जिला सचिव नजमुल इस्लाम के फार्म हाउस पर बुधवार को स्थानीय निकाय अध्यक्ष एसोसिएशन की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद शामली के अध्यक्ष अरविंद संगल ने की। बैठक में शामली जिले की तीन नगर पालिकाओं और छह नगर पंचायतों के अध्यक्षों एवं उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी जनप्रतिनिधियों ने आगामी कांवड़ यात्रा और महाशिवरात्रि सहित अन्य त्योहारों को आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की शपथ ली। साथ ही प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कांवड़ यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। बैठक में नगर निकायों में बेहतर साफ-सफाई, पथ प्रकाश व्यवस्था, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा वार्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया गया। नगर पालिका परिषद शामली की ओर से कांवड़ यात्रा के लिए पांच प्रभारियों की नियुक्ति की जानकारी देते हुए अन्य निकायों से भी इसी प्रकार जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती करने का आह्वान किया गया। बैठक में सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत कार्यालयों को गुणवत्ता, पर्यावरण और स्वास्थ्य सुरक्षा प्रबंधन के लिए आईएसओ 9001:2015, आईएसओ 14001:2015 और आईएसओ 45001:2018 प्रमाणन दिलाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
जिला सचिव नजमुल इस्लाम ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश की धार्मिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सभी धर्मों के लोगों को मिलकर इसे सफल बनाना चाहिए। उन्होंने नगरों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और आगामी 15 अगस्त की तैयारियों को भी समय रहते पूरा करने पर जोर दिया। बैठक का संचालन नगर पंचायत जलालाबाद के अध्यक्ष जहीर मलिक ने किया। उन्होंने समाज में एकता, प्रेम, सहयोग और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराते हुए शामली जिले को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने के लिए सभी निकायों से मिलकर कार्य करने की अपील की। बैठक में नगर पालिका शामली के अध्यक्ष अरविंद संगल, नगर पालिका कांधला के अध्यक्ष नजमुल इस्लाम, नगर पालिका कैराना के अध्यक्ष शमशाद अंसारी, नगर पंचायत ऊन के अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, गढ़ीपुख्ता के प्रतिनिधि अंकुज चौधरी, बनत के प्रतिनिधि धर्मवीर सिंह, एलम के प्रतिनिधि अश्वनी राजबीर सिंह, थानाभवन के प्रतिनिधि हाजी राव जमशैद तथा जलालाबाद के अध्यक्ष जहीर मलिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।