गोड्डा
सावन की पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बसंतराय। सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर बसंतराय प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बसंतराय स्थित प्राचीन शिव मंदिर में अहले सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध होकर पूजा-अर्चना करते रहे। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा।
वहीं, मां विषहरी मोकलचक धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। शाम लगभग 4 बजे तक जलाभिषेक का सिलसिला लगातार जारी रहा। मोकलचक धाम के बाबा बिहारी सिंह ने बताया कि लगभग हजारों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान कर जल लेकर डाक बम, पैदल बम तथा कांवर लेकर मां विषहरी मोकलचक धाम पहुंचे और विधि-विधान से जल अर्पित किया। उन्होंने बताया कि मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। इसके अलावा पकड़िया स्थित बाबा बैदेश्वर महादेव मंदिर, कोरियाना शिव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसरों में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा तथा क्षेत्र के लोगों ने सावन की पहली सोमवारी को पूरे उत्साह और आस्था के साथ मनाया।


