
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने करीब 200 किलोग्राम संदिग्ध (प्रथम दृष्टया मिलावटी) पनीर को नष्ट कर दिया। पनीर के नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में टीम ने सुबह सिंभावली क्षेत्र के टोडलपुर की ओर से आ रही पनीर से लदी गाड़ी को रोका। जांच के दौरान पनीर के दो नमूने लिए गए। अधिकारियों के अनुसार, पनीर स्वच्छता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया और प्रथम दृष्टया मिलावटी प्रतीत हुआ।मिलावट की आशंका के चलते विभाग ने करीब 200 किलोग्राम पनीर , जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 44 हजार रुपये बताई गई है, को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर रेलवे लाइन के पास नष्ट करा दिया। बताया गया कि यह खेप टोडलपुर निवासी जमील की थी। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोवेन्द्र सिंह पंघाल और सहरिश सादात भी मौजूद रहे।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिले में विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।




