संभल

राष्ट्रीय आयुष मिशन की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने आयुर्वेद सेवाओं को और प्रभावी बनाने के दिए निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सम्भल।(बहजोई) जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय आयुष मिशन की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. अमरदीप सिंह नायक ने एजेंडा बिंदुवार प्रस्तुत करते हुए जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी जिलाधिकारी को दी। उन्होंने बताया कि जनपद में वर्तमान में 12 आयुर्वेदिक चिकित्सालय एवं 03 यूनानी चिकित्सालय संचालित हैं। इसके साथ ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तथा योग वेलनेस सेंटर के संचालन की प्रगति से भी अवगत कराया गया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों की तैनाती, रिक्त पदों, स्टाफ एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की उपलब्धता एवं आबद्धीकरण,औषधियों की उपलब्धता दवा वितरण व्यवस्था, पंचकर्म सेवाओं, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के अंतर्गत लाभान्वित रोगियों की स्थिति तथा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विभाग आगामी समीक्षा बैठक में सभी अद्यतन एवं पूर्ण सूचनाओं के साथ उपस्थित हो, जिससे योजनाओं की प्रगति का समुचित मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने जनपद में आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के लिए भूमि उपलब्धता, बजट, आधारभूत सुविधाओं एवं विस्तार योजनाओं की भी जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में होम्योपैथी विभाग की स्थिति, चिकित्सालयों के संचालन तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को जनहित में सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाने के निर्देश दिए। बैठक में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. अमरदीप सिंह नायक,नोडल अधिकारी (आयुर्वेद) डॉ. अभिषेक सिंह, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. महेन्द्र पाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button