संभल

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी लाने के निर्देश।

पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को समूहों से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर जोर।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सम्भल।(बहजोई) जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एनआरएलएम के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के गठन तथा पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को समूहों से जोड़ने के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला विकास अधिकारी राम आशीष ने एजेंडा बिंदुओं एवं जनपद में स्वयं सहायता समूहों के गठन की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की कि जनपद में उचित दर विक्रेताओं (राशन कोटेदारों) के माध्यम से अब तक कितने स्वयं सहायता समूह गठित कराए गए हैं तथा इस कार्य की वर्तमान प्रगति क्या है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी राशन कोटेदार स्वयं सहायता समूहों के गठन की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारक परिवारों को समूहों से जोड़ने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समूह सखियां भी उचित दर की दुकानों पर आने वाले पात्र परिवारों से संपर्क स्थापित कर उन्हें स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के लिए प्रेरित करें, जिससे अधिकाधिक महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि समूह गठन की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए ब्लॉक मिशन प्रबंधकों (बीएमएम) एवं समूह सखियों के साथ बैठक आयोजित करें तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप स्वयं सहायता समूहों का गठन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, जिला विकास अधिकारी राम आशीष,जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button