गाजियाबाद
कावड़ियों को सड़क पार करने में पुलिस को करनी पड़ रही कड़ी मशक्कत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : टीला मोड़ से पाइप लाइन के रास्ते लोनी बॉर्डर पहुंचने वाले कांवड़ियों की लगातार बढ़ती भीड़ के चलते लोनी बॉर्डर स्थित दिल्ली-सहारनपुर मार्ग का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो चला है। यहां कावड़ियों को सुरक्षित सड़क पार कराने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
दरअसल मुरादनगर पाइपलाइन मार्ग से आने वाले हजारों की संख्या में ऐसे कावड़िया है, जिन्हें दिल्ली और उसकी सीमा से जुड़े हरियाणा या राजस्थान की ओर जाने के लिए लोनी बॉर्डर के दिल्ली- सहारनपुर मार्ग को पार करना होता है। शिव भक्त कावड़ियों को अत्यधिक व्यस्त रहने वाले उक्त मार्ग को पार कराने के लिए पुलिस को बार-बार वाहनों का आवागमन रोकना पड़ता है. और प्रातः से ही शुरू हुआ यह सिलसिला देर रात तक यूं ही बना रहता है। नतीजन यहां अधिकांश समय जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। यही कारण है की स्थिति सुचारू बनाए रखने के लिए यहां पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है हालांकि इसके लिए कुछ स्थानीय लोग भी सेवा में लगे हुए हैं। अब जैसे-जैसे महाशिवरात्रि का दिन निकट आता जा रहा है यहां कावड़ियों के आने का सिलसिला भी धीरे-धीरे अपने पूरे शबाब की ओर हैं।

