सिंगरौली

‘सृजन संवाद’ में विद्यार्थियों ने समझी पुलिस की कार्यप्रणाली

थाना बैढ़न भ्रमण के दौरान साइबर सुरक्षा, महिला अपराध और यातायात नियमों की दी जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, सुरक्षा बोध और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस द्वारा “सृजन संवाद” कार्यक्रम के तहत सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिर्रवाह के विद्यार्थियों को थाना बैढ़न का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के लिए किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को थाना प्रभारी कक्ष, CCTNS कक्ष, हेल्प डेस्क, ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, बंदीगृह एवं लेखक कक्ष का अवलोकन कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत दर्ज होने से लेकर जांच और कार्रवाई तक पुलिस किस प्रकार प्रक्रिया का पालन करती है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की विभिन्न रैंक, उनकी जिम्मेदारियों और बीट व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा, बाल अपराध, छेड़छाड़ एवं आपात परिस्थितियों में सहायता लेने के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए OTP, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक से बचने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई। वहीं यातायात नियमों का पालन, हेलमेट-सीट बेल्ट का उपयोग और सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व को भी समझाया गया।
इस अवसर पर प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर ललित बैरागी, थाना प्रभारी यातायात सूबेदार आशीष तिवारी, चौकी प्रभारी सासन बी.एल. बंसल सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय से शिक्षक सौरभ त्रिपाठी,सुनील कुमार दुबे एवं श्रीमती ममता बेस सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button