सेमरा नदी में बहे युवक का शव 18 घंटे बाद बरामद
एसडीआरएफ और गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरा नदी में बहे 30 वर्षीय युवक पवन कोल का शव बुधवार सुबह करीब 18 घंटे के सघन सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम झखरावल निवासी पवन कोल मंगलवार दोपहर गांव के पास स्थित सेमरा नदी के किनारे गया था, जहां पैर फिसलने से वह नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तलाश शुरू की और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची जियावन थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम के सहयोग से नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मंगलवार देर रात तक तलाश के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। इसके बाद बुधवार सुबह घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर नदी के किनारे युवक का शव बरामद किया गया।
जियावन थाना प्रभारी शेष नारायण द्विवेदी ने बताया कि गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शव मिलने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त कर पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



