जामताड़ा
करमाटांड़ हटिया प्लॉट मुख्य बाजार की स्ट्रीट लाइट महीनों से बंद
अंधेरे में गुजर रही बाजार की रातें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हटिया प्लॉट मुख्य बाजार में लगी स्ट्रीट लाइट पिछले कई महीनों से खराब पड़ी है। इसके कारण प्रतिदिन शाम ढलते ही पूरा बाजार अंधेरे में डूब जाता है। स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और बाजार आने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं रहने से चोरी, छिनतई और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
बताया जाता है कि इस स्ट्रीट लाइट का निर्माण पूर्व विधायक रणधीर कुमार सिंह की विधायक निधि से लगभग 6 लाख 80 हजार रुपये की लागत से कराया गया था। शुरुआत में करीब एक वर्ष तक सभी लाइटें सुचारु रूप से जलीं, लेकिन बाद में एक-एक कर सभी लाइटें खराब होती चली गईं। वर्तमान में पूरी व्यवस्था ठप हो चुकी है और बाजार अंधेरे के भरोसे है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि रात तक दुकानें खुली रहने के कारण उन्हें अंधेरे में कारोबार करना पड़ता है। वहीं, ग्राहकों और राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा जनता की सुविधा के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं धरातल पर उतारी जाती हैं, लेकिन समय पर रखरखाव और मरम्मत नहीं होने के कारण कई योजनाएं केवल शोभा की वस्तु बनकर रह जाती हैं।
स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि महीनों से स्ट्रीट लाइट बंद रहने के बावजूद अब तक न तो किसी जनप्रतिनिधि ने इस दिशा में गंभीर पहल की है और न ही संबंधित विभाग के अधिकारियों ने इसकी सुध ली है। लोगों ने मांग की है कि बाजार की खराब पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू कराया जाए, ताकि बाजार में रोशनी बहाल हो सके और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण मिल सके।



