सिंगरौली
एसपी ने जनसुनवाई में सुनीं आमजन की समस्याएं
शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, महिला फरियादियों को प्राथमिकता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई कर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों और फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समझा।
जनसुनवाई के दौरान कई शिकायतों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई कराई गई। वहीं अन्य प्रकरणों में निष्पक्ष जांच और त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए।
महिला फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिस अधिकारियों से उनकी काउंसलिंग भी कराई गई। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को महिला शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमन्त कुमार, एसडीओपी सिंगरौली अमित कुमार, थाना प्रभारी नवानगर राकेश साहू, थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी, थाना प्रभारी बैढ़न अभिमन्यु द्विवेदी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समय-सीमा के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



