गोड्डा

सर्पदंश से 38 वर्षीय राजेश की मौत

पूर्व विधायक ने परिजनों से मिलकर दी सांत्वना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महगामा। हनवारा थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव में देर रात सर्पदंश से 38 वर्षीय राजेश कुमार की मौत हो गई। मृतक उपेन्द्र रजक के पुत्र थे। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार, सांप के काटने के बाद राजेश की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शव के घर पहुंचते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक अशोक कुमार गढ़ी गांव स्थित मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि परिवार के लिए यह बेहद दुखद और अपूरणीय क्षति है। इस दौरान पूर्व विधायक ने ग्रामीणों को सर्पदंश के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए, जहां चिकित्सकीय उपचार और आवश्यक एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि सर्पदंश से मौत होने की स्थिति में नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाना चाहिए, ताकि मृत्यु का कारण प्रमाणित हो सके और पात्र परिवार को सरकारी सहायता का लाभ लेने में सुविधा हो। बताया गया कि राजेश अपने पीछे दो छोटे पुत्र, जिनकी उम्र पांच और सात वर्ष है तथा 14 वर्षीय एक पुत्री छोड़ गए हैं। घटना के बाद गढ़ी गांव में मातम पसरा हुआ है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button