बाराबंकी

हृदय स्वास्थ्य के प्रति लोगों को किया जागरूक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बाराबंकी। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर  हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट हिन्द मेडिकल कॉलेज, सफेदाबाद, बाराबंकी में हृदय स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में हिन्द हॉस्पिटल के पैरामेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ के साथ मेडिकल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से लोगों को हृदय रोग के बढ़ते खतरे के प्रति सचेत करते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की गई।
इस अवसर पर हिन्द हॉस्पिटल हार्ट इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि “दिल का रखिए ध्यान, नहीं रहेंगे परेशान।” उन्होंने कहा कि हृदय रोग अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि युवा वर्ग भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है। समय रहते जागरूकता, नियमित स्वास्थ्य जांच और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव हृदय रोगों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट की डॉ. गुंजन सिंह ने कहा कि “दिल के लिए समय निकालें और दिल को स्वस्थ रखें।” उन्होंने लोगों से अपने व्यस्त जीवन में स्वास्थ्य के लिए समय निकालने तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट हिन्द हॉस्पिटल की चेयरपर्सन रिचा मिश्रा ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक हृदय स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस प्रकार की जागरूकता रैलियां लोगों को सजग और प्रेरित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, तनावपूर्ण दिनचर्या, खान-पान में बदलाव और शारीरिक सक्रियता की कमी के कारण हृदय रोगों का खतरा बढ़ रहा है।
रिचा मिश्रा ने आगे कहा कि हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को एक व्यापक मुहिम का रूप देते हुए बाराबंकी के साथ-साथ पूरे पूर्वांचल में विभिन्न संस्थाओं और विद्यालयों में  (सीपीआर) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में समय पर सीपीआर दिया जाना किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण हो सकता है।
हिन्द हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. अमोद कुमार सचान ने लोगों से अपने दिल की सेहत को नजरअंदाज न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ हृदय के लिए नियमित जांच, संतुलित खान-पान और सक्रिय जीवनशैली को अपनाना आवश्यक है।
रैली को सफल बनाने में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजीव कृष्ण चौधरी एवं डॉ. तारिक अली सहित हिन्द हॉस्पिटल की कार्डियक टीम के डॉ. राहुल, राजेश चौहान, राघवेंद्र, मुदित, रवि, अली, अर्चना, सोनल तथा श्याम नंदन तिवारी का माड़वी सिंह,जनरल मैनेजर राजा अंसारी , अमित सिंह नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट सहित समस्त नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि हृदय की सेहत को लेकर जागरूक रहना केवल विश्व हृदय दिवस तक सीमित न होकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button