दुर्गा पूजा को लेकर पूजा पंडालों का भौतिक सत्यापन, सुरक्षा के दिए निर्देश
Physical inspection of Durga Puja pandals and issuance of security directives.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ एवं नगर थाना प्रभारी ने आगामी दुर्गा पूजा-2026 को लेकर नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान पूजा समितियों को विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। पूजा समितियों को पंडालों में भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, पुरुष एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश-निकास मार्ग तथा आपात स्थिति के लिए अतिरिक्त निकासी द्वार की व्यवस्था करने को कहा गया। पंडालों के अंदर-बाहर सीसीटीवी कैमरे एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये। अग्नि सुरक्षा के लिए पर्याप्त अग्निशमन उपकरण रखने तथा बिजली के खुले तार एवं खुले जॉइंट से बचने को कहा गया। इसके अलावा पंडालों के आसपास व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और आवश्यकता पड़ने पर नगर परिषद के सहयोग से मार्ग एवं पार्किंग स्थल को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया। पंडालों के आसपास आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर एवं सुरक्षा संबंधी अपील वाले बैनर लगाने तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था करने को भी कहा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं तक तत्काल सूचना पहुंचाई जा सके।



