ललितपुर
इतिहास विषय में रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यापक संभावनाएं : प्रो.डा. शास्त्री
नेमवि कला संकाय विकास कार्यक्रम के तहत विशेष व्याख्यान

विद्यार्थियों को पुरातत्व, पर्यटन और शिक्षण क्षेत्र की संभावनाओं की दी जानकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नेहरू महाविद्यालय में संचालित कला संकाय विकास कार्यक्रम के अंतर्गत तुलसी सभागार में इतिहास विभाग के स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं के लिए विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। शुभारंभ महाविद्यालय प्राचार्य प्रो.डा.ओमप्रकाश शास्त्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्राचार्य ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अंतर्गत इतिहास कला संकाय का महत्वपूर्ण विषय है, जिसका अध्ययन विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होता है। उन्होंने कहा कि इतिहास विषय के विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से इस विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया है। रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की दृष्टि से इतिहास विषय महत्वपूर्ण है। विभिन्न परीक्षाओं में सामान्य अध्ययन के अंतर्गत इतिहास से जुड़े प्रश्न पूछे जाते हैं। इसके अलावा इतिहास का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए पुरातत्व, पर्यटन और शिक्षण जैसे क्षेत्रों में भी अवसर उपलब्ध हैं। इतिहास विभाग सहायक आचार्य डा.रामकुमार रिछारिया ने कहा कि इतिहास विषय के विद्यार्थी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, पुरातत्व विभाग और पर्यटन विभाग में रोजगार के अवसर तलाश सकते हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रमाणपत्र एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी अपने कौशल को और विकसित कर सकते हैं। इतिहास विभाग के सहायक आचार्य डा.जितेंद्र राजपूत ने नई शिक्षा नीति के अंतर्गत इतिहास विषय के पाठ्यक्रम में एकरूपता को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। सहायक आचार्य डा.प्रदीप कुमार ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से महाविद्यालय आने और कक्षाओं का लाभ उठाने की सलाह दी। कार्यक्रम में प्रो.आशा साहू, प्रो. अनिल सूर्यवंशी, हिमांश धर द्विवेदी, जितेन्द्र कुमार, डा.शैलेन्द्र सिंह चौहान, डा.धीरेन्द्र तिवारी, डा.रोहित वर्मा, फहीम बख्श सहित इतिहास विभाग के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संचालन डा.रामकुमार रिछारिया ने किया, जबकि डा. जितेंद्र राजपूत ने आभार जताया।



