शामली
जिले के 1731 विद्यार्थियों के खातों में भेजी गई 1.07 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत जिले के 1731 छात्र-छात्राओं के खातों में 1.07 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। शनिवार को श्री सत्यनारायण इंटर कॉलेज में छात्रवृत्ति वितरण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में लोक भवन, लखनऊ से मुख्यमंत्री द्वारा छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए जाने का सजीव प्रसारण दिखाया गया। सीडीओ बृजेंद्र शुक्ल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र विद्यार्थियों तक छात्रवृत्ति का लाभ पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने और उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक सहयोग देना है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि प्रथम चरण में कक्षा 10 और 12 में अध्ययनरत अनुसूचित जाति के 349, सामान्य वर्ग के 128, अन्य पिछड़ा वर्ग के 874 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 380 विद्यार्थियों को कुल 107.10 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि शेष पात्र अभ्यर्थियों को भी जल्द योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
कार्यक्रम में डीआईओएस प्रतिनिधि अमित मलिक मौजूद रहे।


