कृषि विभाग ने नकली पोटाश बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, 90 कट्टे बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
हापुड़ ( यूपी ) – हापुड के कृषि विभाग की टीम ने जनपद में सरकारी यूरिया की कालाबाजारी के बाद नकली पोटाश और खाद बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी है । जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने कृषि विभाग की टीम के साथ भारी पुलिसबल को साथ लेकर हापुड नगर कोतवाली क्षेत्र में रामपुर रोड पर एक गुप्त सूचना के आधार छापामार कार्यवाही करते हुए नकली पोटाश और खाद बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। टीम को मौके से करीब 90 कट्टे तैयार नकली पोटाश,भारी मात्रा में मिलावटी सामग्री और पैकिंग उपकरण बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, हापुड नगर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर रोड पर अवैध रूप से नकली पोटाश और खाद तैयार किए जाने और उस नकली पोटाश को वहां से किसानों और दुकानों को सप्लाई करने की गुप्त सूचना कृषि विभाग को मिली थी। इसके बाद जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने टीम बनाते हुए पुलिस बल की संयुक्त टीम के साथ मौके पर छापा मारा।छापेमारी के दौरान नामी कंपनियों के फर्जी रैपर और 90 कट्टों में पैक की गई खाद बरामद हुई।शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तैयार नकली खाद को नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर किसानों और दुकानों को बेचने की तैयारी थी।कार्यवाही के दौरान कृषि विभाग की टीम ने खाद के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिएहैं,इसके साथ ही मौके से पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर खाद की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट होनेके बाद कार्यवाही होगी।
जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि खाद के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई जाएगी । किसानों के साथ धोखाधड़ी करते हुए खाद में मिलावट करने को बख्शा नहीं जाएगा । जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।




