शामली

 कांधला में पत्रकारों से मारपीट और तोड़फोड़ की घटना पर प्रेस क्लब थानाभवन ने जताया रोष

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
थानाभवन। प्रेस क्लब थानाभवन की एक बैठक कस्बे के एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित हुई। बैठक में प्रेस क्लब के सभी सदस्यों ने सामाजिक सरोकारों, पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में शामली जनपद के कांधला में पत्रकारों के व्यापारिक प्रतिष्ठान पर हुई मारपीट, तोड़फोड़ और कथित कब्जे के प्रयास की घटना पर सदस्यों ने कड़ा रोष व्यक्त किया। पत्रकारों ने कहा कि सार्वजनिक रूप से दर्जनों लोगों के साथ पहुंचकर जिस तरह से दबंगई का प्रदर्शन किया गया, वह सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है।
बैठक में बताया गया कि घटना में पत्रकार मोहित शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि उनके साथी विनय बालियान, ऋषिपाल सहित अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। प्रेस क्लब के सदस्यों ने पुलिस-प्रशासन से घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की।
पत्रकारों ने कहा कि यदि पत्रकारों के साथ इस प्रकार की घटना होती है और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती तो यह कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है। बैठक में यह भी कहा गया कि घटना के समय पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद दबंगों द्वारा इस तरह की हरकत किया जाना मामले की गंभीरता को दर्शाता है।
प्रेस क्लब सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल नहीं भेजा गया तो पत्रकार आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इसके साथ ही बैठक में सामाजिक समस्याओं, सामाजिक चिंतन और आधुनिक दौर में बदलते पत्रकारिता के परिवेश को लेकर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर शोकिंद्र मलिक, श्रवण सैनी, दीपांशु मिगलानी,  अनिल अग्रवाल, विनोद कुमार, सचिन गोयल सुशील पांचाल, तुषार कांबोज दिनेश कुमार देवेंद्र सिंह राणा इकराम राणा, सोनू शर्मा, कन्हैया सैनी, पंकज उपाध्याय, अक्षय सैनी,  विशाल कुमार, सत्येंद्र राणा, मंजू सिंह शेखर उपाध्याय और अक्षय नरेय्या सहित प्रेस क्लब के सदस्य मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button