मथुरा

540 सफाई का प्रशिक्षण मिला, काम नहीं, चौराहों पर लगे कूड़े के ढेर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम में प्रशिक्षण के बाद काम पर न लगाए जाने से 540 सफाईकर्मियों का आक्रोश भड़क गया। कर्मचारियों ने हड़ताल कर नगर निगम की कूड़ा गाड़ियां रोक दीं। उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों पर कूड़ा डलवा दिया, जिससे यातायात और राहगीरों को परेशानी हुई। नगर निगम की टीम ने करीब दो घंटे बाद 11:00 बजे तक भरतपुर गेट, होली गेट, डीग गेट और एसबीआई चौराहे समेत कई स्थानों पर कूड़े के ढेर हटवा दिए। संयुक्त सफाई कर्मचारी संघ के नेता उत्तम चंद सहजना ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 540 लोगों को चार जुलाई से 19 जुलाई तक प्रशिक्षण दिया गया था। तत्कालीन नगर आयुक्त जग प्रवेश ने प्रशिक्षण के बाद काम पर रखने का आश्वासन दिया था। हालांकि, उनके स्थानांतरण के बाद यह मामला अटक गया। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें काम नहीं दिया गया और प्रशिक्षण अवधि का भुगतान भी नहीं किया गया। कर्मचारियों ने 22 सितंबर को नगर निगम में प्रदर्शन किया था। तब 25 सितंबर तक काम पर रखने का आश्वासन मिला था। इसके लिए तत्कालीन अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह की अध्यक्षता में एक समिति बनी थी। उनके स्थानांतरण के बाद अनिल कुमार को समिति का अध्यक्ष बनाया गया। समिति ने कर्मचारियों से एक अक्तूबर तक का समय मांगा था। 30 सितंबर को समिति ने रिपोर्ट प्रस्तुत की, लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बन पाई। दो अक्तूबर को कर्मचारियों ने सात सूत्री मांगों के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। तीन अक्तूबर को वार्ता भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद कर्मचारियों ने काम का बहिष्कार करते हुए हड़ताल शुरू कर दी। ओजस्वी राज, नगर आयुक्त ने कहा, नगर निगम की गाड़ियों को रोककर कुछ बाहरी लोगों ने चौराहों पर कूड़ा डलवाया था। बाद में निगम के कर्मचारियों ने इस कूड़े को हटवा दिया। 540 लोगों के प्रशिक्षण का प्रस्ताव बोर्ड बैठक से पास ही नहीं हुआ था। इस मामले में एक समिति बना दी गई है। शहर की सफाई व्यवस्था खराब नहीं होने दी जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button