खैरथल
वोट की पारदर्शिता और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी : बलराम यादव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत जिला कांग्रेस कमेटी, खैरथल-तिजारा के मंडी स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को जिला कांग्रेस के प्रभारी पुष्पेंद्र धाभाई ने भी संबोधित किया। इस दौरान वोट की पारदर्शिता, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, चुनावी अनियमितताओं तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस की मांगों को प्रमुखता से रखा गया।
प्रेस वार्ता में बलराम यादव ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। प्रत्येक वोट जनता के अधिकार और संविधान में उसके विश्वास का प्रतीक है। लेकिन चुनाव प्रक्रिया को लेकर सामने आ रहे वोट चोरी, मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनावी अनियमितताओं के आरोपों ने आमजन के मन में गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें, ताकि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को लेकर उठ रहे सवालों का निष्पक्ष तरीके से समाधान हो सके। वोट चोरी के आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच हो तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों की पारदर्शी जांच हो, संदिग्ध नामों एवं आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की जाए तथा राजनीतिक दलों को चुनाव प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए बलराम यादव ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाए, वहां जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में जो कुछ हुआ, उसे पंचायती राज चुनावों में दोहराने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पंचायती राज चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पूरी तरह पारदर्शी तरीके से होने चाहिए।
इस दौरान व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष यश अग्रवाल पूर्व जिला सचिव दौलत नागर वर्स्ट कांग्रेस नेता मेंहरदीन खान कपिल शर्मा यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव रामनिवास प्रजापत पार्षद अर्जुन ठाकुर सद्दाम खान सरपंच खूबी खान अंतु गुर्जर रफीक खान सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी रहे।


