रामलीला मैदान में गूंजा जय श्रीराम का उद्घोष, निकली भव्य शोभायात्रा
चारों भाइयों के जन्म और सीता जन्म की झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र

रावण दिग्विजय यात्रा का भी हुआ मंचन, कल ताड़का वध की लीला
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पिलखुवा : श्री रामलीला कमेटी की ओर से लाला शंभूमल अघोरी वालों की धर्मशाला से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भगवान राम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न के जन्म सहित माता सीता के जन्म और रावण दिग्विजय यात्रा की झांकियां शामिल रहीं। रास्ते में लोगों ने जय श्रीराम के उद्घोष से माहौल भक्तिमय कर दिया।
शोभायात्रा रेलवे रोड से शुरू होकर मंडी, कुलदीप पान और गांधी बाजार होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। यहां वृंदावन से आए स्वामी बृज किशोर शर्मा की मंडली ने रामलीला का मंचन किया। कलाकारों ने भगवान राम और माता सीता के जन्म के साथ रावण की दिग्विजय यात्रा का प्रसंग प्रस्तुत किया। झांकियों को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुटी रही।
मेला अधिकारी अखिलेश मित्तल ने बताया कि अगले दिन विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध और मारीच वध की लीला का मंचन किया जाएगा। आयोजन में समिति अध्यक्ष राजेश मित्तल, मंत्री संदीप जिंदल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण मोदी, सुभाष चंद्र गोयल, वीरेंद्र कुमार गुप्ता, सुनील गोयल और आशीष मित्तल सहित अन्य पदाधिकारियों ने व्यवस्था संभाली। केशव शर्मा, अमित मित्तल, विपिन कुमार टिल्लू, प्रेम प्रकाश बर्फ वाले, मनोज मित्तल, मोहित गुप्ता, जतन सिंह और मनोज गर्ग पंसारी ने भी सहयोग किया।




