गोड्डा
गोड्डा में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार
5 आरोपी गिरफ्तार; 50.5 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ गोड्डा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 50.5 ग्राम ब्राउन शुगर, 58 हजार 250 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन और एक एक्सयूवी कार सहित एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 8 अक्टूबर 2026 को एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में गोड्डा नगर पुलिस की टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान नगर थाना क्षेत्र के ब्लॉक फील्ड स्थित हनुमान मंदिर के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार उर्फ अमित रेक्स, अभिषेक कुमार उर्फ सोमदेव कुमार उर्फ डमरू, छोटू कुमार उर्फ सरफराज अहमद, रघु कुमार उर्फ राहुल कुमार और पंकज कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से अलग-अलग मात्रा में ब्राउन शुगर और नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार उर्फ अमित रेक्स के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास होने की बात पुलिस ने कही है। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी निकटतम थाना या गोड्डा पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


