जीआईएस सर्वे में पांच हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में दो गिरफ्तार
मकान पर अधिक टैक्स और जुर्माने का डर दिखाने का आरोप, मुकदमा दर्ज कर जेल भेजे गए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। नगर पालिका परिषद के जीआईएस सर्वे के दौरान मकान मालिक को अधिक टैक्स और जुर्माने का डर दिखाकर पांच हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया।
शहर के सभी वार्डों में जीआईएस सर्वे का कार्य मुरादाबाद की इन्तखाब आलम की फर्म को सौंपा गया है। आठ अक्टूबर की शाम करीब चार बजे फर्म की टीम वार्ड संख्या तीन के मोहल्ला बड़ियाल में शुभम पुत्र मुकेश कुमार के मकान का सर्वे करने पहुंची थी। आरोप है कि टीम के सदस्य हरीशचंद पांडेय और रुद्र प्रताप सिंह ने शुभम को बताया कि उसके मकान पर 16 हजार रुपये से अधिक टैक्स बनेगा और जुर्माना भी लगेगा। इसके बाद उससे पांच हजार रुपये की मांग की गई।
शुभम ने इसकी जानकारी सभासद प्रतिनिधि मनोज कुमार को दी। मनोज कुमार ने नगर पालिका के कर लिपिक आजम खां और अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इसके बाद कथित रिश्वत के लिए दिए जाने वाले 500 रुपये के नोटों के नंबर एक से दस तक लिखकर उनकी वीडियोग्राफी कराई गई।
आरोप है कि गौशाला रोड पर वर्मा जी के घर के पास मनोज कुमार ने दोनों सर्वे कर्मचारियों को पांच हजार रुपये सौंप दिए। इसके बाद चेयरमैन अरविंद संगल, सभासद मनोज कुमार और संदीप कुमार ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और नगर पालिका लाकर पूछताछ की। बाद में कर लिपिक आजम खां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।



