खैरथल
खैरथल-तिजारा में कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक
जिले में कांग्रेस के बोर्ड, जिला प्रमुख और सभी पंचायत समितियों में प्रधान बनाने का लक्ष्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिले में आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक रणनीति को लेकर आज अलवर स्थित गोल्डन बाग में खैरथल-तिजारा जिला कांग्रेस कमेटी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने जिले में पार्टी की संगठनात्मक स्थिति, जनसंपर्क, आगामी राजनीतिक चुनौतियों और स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर चर्चा की।
बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भंवर जितेंद्र सिंह, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, राजस्थान कांग्रेस के सह प्रभारी चिरंजीव राव, तथा अलवर के पर्यवेक्षक वैभव गहलोत खैरथल पर्यवेक्षक धर्मेन्द्र राठौर ने बैठक लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं नेताओं से संगठन की स्थिति और राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी ली। बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष बलराम यादव, अलवर जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत, विधायक ललित यादव, विधायक दीपचंद खेरिया, तिजारा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी इमरान खान, अलवर प्रभारी फूल सिंह ओला प्रभारी पुष्पेंद्र धाबाई, सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने खैरथल-तिजारा जिले में कांग्रेस की राजनीतिक संभावनाओं को लेकर विश्वास जताते हुए कहा कि जिले में कांग्रेस के बोर्ड बनेंगे, जिला प्रमुख भी कांग्रेस का होगा और सभी पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान बनाए जाएंगे। उनके इस बयान को जिले में आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर पार्टी के लक्ष्य और संगठन को मजबूत करने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
बैठक में स्थानीय स्तर पर पार्टी की स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका, संगठनात्मक समन्वय और जनहित के मुद्दों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से उठाने पर भी चर्चा हुई। वरिष्ठ नेताओं ने संगठन के विभिन्न स्तरों पर आपसी तालमेल बनाए रखने और पार्टी की गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया।


