
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। शारदीय नवरात्र में व्रतधारी लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिले, इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद भर में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है।
आयुक्त लखनऊ के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश पर सहायक आयुक्त खाद्य-II राहुल सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में टीम ने 10 और 11 अक्टूबर को शहर के कई इलाकों में छापा मारा।
दो दिन में 16 नमूने सीज
10 अक्टूबर को माधोबाड़ी में विजय एंड कंपनी की फैक्ट्री से Satya’s Vijay Shri ब्रांड के कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के तीन नमूने, मिनी बाईपास स्थित रिलायंस स्मार्ट बाजार से साबूदाना, मूंगफली दाना और साबूदाना पापड़, IVRI रोड पर मुल्ला जी चावल वालों से सप्तऋषि ब्रांड का कुट्टू-सिंघाड़ा आटा और वीरसावरकर नगर में अभयदीप इंटरप्राइजेज से बारी फ्रेश कुट्टू आटे का सैंपल लिया गया।
11 अक्टूबर को धनेटा रेलवे फाटक पर जय माँ दुर्गे स्वीट्स से लौज और गुलाब जामुन, अशरफ खान की छावनी में हाफिज किराना से सिंघाड़ा आटा, जोगी नवादा में हरिओम किराना से कुट्टू आटा और स्टेडियम रोड पर श्री कृष्णा घी की फैक्ट्री से पैक्ड टिन और खुले घी के दो नमूने लिए गए।
सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मिलावट मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील सचान, जितेंद्र कुमार, तेज बहादुर, देवेंद्र कुमार, ज्योत्सना त्रिपाठी, मुकेश कुमार, हिमांशु, अनिल प्रताप और राकेश कुमार मौजूद रहे।




