दिल्लीराजनीतिराष्ट्रीय

ईसीआईनेट सॉफ्टवेयर विवाद

कांग्रेस का सवाल- जानकारी क्यों छिपा रहा चुनाव आयोग? लगाए कई गंभीर आरोप

नई दिल्ली । कांग्रेस ने ईसीआईनेट सॉफ्टवेयर से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं करने को लेकर चुनाव आयोग की आलोचना की है। पार्टी का आरोप है कि आयोग सॉफ्टवेयर के नाम और संस्करण का खुलासा करने से बार-बार इनकार कर रहा है। कांग्रेस का दावा है कि जानकारी सामने आने से एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का पता चल सकता है।
कांग्रेस ने रविवार को चुनाव आयोग पर विवादित ईसीआईनेट  सॉफ्टवेयर से जुड़ी जानकारी छिपाने का आरोप लगाया। पार्टी का दावा है कि निर्वाचन आयोग बार-बार इस जानकारी को सार्वजनिक करने से इनकार कर रहा है, क्योंकि इससे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित तौर पर हुई बड़े पैमाने की और केंद्रीकृत गड़बड़ियों की सच्चाई सामने आ सकती है।
विपक्षी दल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और एसआईआर प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की अपनी मांग भी दोहराई। कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर एक मीडिया रिपोर्ट साझा की। इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने ईसीआईनेट सॉफ्टवेयर के नाम और उसके संस्करण से जुड़ी जानकारी देने से इनकार कर दिया है।
जयराम रमेश ने पूछे कौन से सवाल?
जयराम रमेश ने अपनी पोस्ट में कहा, ”भारतीय निर्वाचन आयोग विवादित ईसीआईनेट सॉफ्टवेयर से जुड़ी जानकारी लगातार छिपा रहा है। यह सॉफ्टवेयर एसआईआर की विवादित प्रक्रिया के केंद्र में है और इसका इस्तेमाल मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हेरफेर को केंद्रीकृत तरीके से अंजाम देने के लिए किया गया है।”
उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा, ”भारतीयों को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के खुलासे से यह क्यों पता चला कि ईसीआईनेट सॉफ्टवेयर उसी ने विकसित किया है? निर्वाचन आयोग ने इस जानकारी का पारदर्शी तरीके से खुलासा क्यों नहीं किया?
निर्वाचन आयोग एसआईआर और मतदाता सूची के पुनरीक्षण में एआई के इस्तेमाल से बार-बार इनकार क्यों कर रहा है, जबकि इसका स्पष्ट रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है?’
कांग्रेस नेता ने कहा, ”ईसीआईनेट सॉफ्टवेयर और निर्वाचन आयोग का आईटी विभाग उन मुद्दों में शामिल थे, जिन पर चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कई आपत्तियां उठाई थीं। ये शिकायतें प्रधानमंत्री के अधीन आने वाले कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) तक भी पहुंची थीं। जनता जानती है कि बड़े पैमाने पर हेरफेर हुआ है। ज्ञानेश कुमार को पद छोड़ देना चाहिए। एसआईआर की प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से रोक दी जानी चाहिए।”
कांग्रेस ने आयोग की पारदर्शिता पर उठाए सवाल
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग का जानकारी देने से इनकार करना संदेह पैदा करता है। पार्टी के मुताबिक, ईसीआईनेट से संबंधित विवरण सामने आने पर एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच और समीक्षा में मदद मिल सकती है। पार्टी ने एसआईआर को लेकर अपनी आलोचना जारी रखते हुए इसे ‘विनाशकारी’ प्रक्रिया बताया। कांग्रेस का आरोप है कि इस प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर और केंद्रीकृत स्तर पर हेरफेर हुआ है।
मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग दोहराई
कांग्रेस ने एक बार फिर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की। इसके साथ ही पार्टी ने एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल निलंबित करने की मांग भी रखी। ईसीआईनेट सॉफ्टवेयर से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने को लेकर चुनाव आयोग के कथित इनकार पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button