खैरथल

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कोटकासिम एवं तिजारा पंचायत समिति के मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा ग्राम विकास अधिकारी ग्राम पंचायत हरसोली को मतदान केंद्र पर आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित न करने पर, अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
खैरथल-तिजारा। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने बुधवार को कोटकासिम एवं तिजारा पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कोटकासिम पंचायत समिति क्षेत्र के हरसौली, बुढीबावल, कतोपुर एवं झाडका तथा टपूकड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के महेशरा, इंदौर, ग्वालदा स्थित राजकीय विद्यालयों में स्थापित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से मतदाताओं की संख्या, मतदान केन्द्रों की स्थिति तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्र हरसोली पर न्यूनतम आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित नहीं होने पर ग्राम विकास अधिकारी हरसोली राजपाल पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए साथ ही सीबीईओ कोटकासिम एव॔ विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान कक्षों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त लाइट लगवाने तथा प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पेयजल, विद्युत, रैम्प एवं शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूर्ण किए जाएं, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ पढ़ाया तथा गणित से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय के कार्मिकों से शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यालय संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने मतदान दलों को सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान करवाना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मतदान दल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस कार्मिकों के साथ समन्वय रखते हुए कार्य करें। उन्होंने मतदान दलों से निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा कानून-व्यवस्था संबंधी निर्देशों की पूर्ण पालना करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी मुंडावर ऐश्वर्यम प्रजापति, उपखंड अधिकारी कोटकासिम संजीव कुमार वर्मा, उपखंड अधिकारी टपूकड़ा कृष्ण यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button