वारंटी को छुड़ाने के प्रयास में तीन मां-बेटी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। पुलिस टीम के साथ अभद्रता कर वारंटी को अभिरक्षा से छुड़ाने के प्रयास और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने तीन मां-बेटी को गिरफ्तार किया है।
मामला 14 जून का है। कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक गौरव चौहान और जितेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ गांव मंडावर में दबिश देने पहुंचे थे। गांव निवासी 58 वर्षीय कुम्मत उर्फ यूसुफ वर्ष 2003 में दर्ज गोवध अधिनियम के मुकदमे में न्यायालय से गैरहाजिर चल रहा था। उसके खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शामली की अदालत से गैर जमानती वारंट जारी था। पुलिस टीम ने उसे घर के बाहर से पकड़कर हिरासत में ले लिया था। इसी दौरान उसके परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम को घेर लिया और वारंटी को छुड़ाने का प्रयास किया था। आरोप है कि परिजनों ने घरेलू सामान में तोड़फोड़ करने के साथ ही पुलिसकर्मियों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने वारंटी को न्यायालय में पेश करने के बाद उसके परिजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार को पुलिस ने बताया कि मामले में कुम्मत उर्फ यूसुफ की पत्नी संजीला, पुत्री सलमाना और उस्माना को गिरफ्तार कर लिया है।