गंगोत्री धाम में अचानक बदला मौसम का मिजाज हुई बर्फबारी
मां गंगा के दर्शन कर अभिभूत हुए तीर्थयात्री।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम में बर्फबारी होने से मौसम सर्द हो गया है। धाम में मां गंगा के दर्शन के लिए पहुंचे तीर्थयात्रियों को उस समय एक यादगार अनुभव मिला, जब उन्होंने प्रकृति के खूबसूरत नजारों के बीच बर्फबारी होते हुए देखी। बर्फ के गिरते फाहों और ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए और इस अद्भुत प्राकृतिक दृश्य का जमकर आनंद उठाया।
देश के विभिन्न राज्यों से गंगोत्री धाम पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए बर्फबारी का यह नजारा आकर्षण का केंद्र बना रहा। देश के कोने कोने से आए तीर्थयात्री पहली बार अपनी आंखों के सामने बर्फ गिरते देखकर बेहद खुश नजर आए। श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन के साथ ही धाम की प्राकृतिक सुंदरता और बर्फबारी के मनमोहक दृश्यों को अपने अनुभवों में संजोया।
बर्फबारी के चलते गंगोत्री धाम और आसपास की वादियों में ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों के बीच गिरते बर्फ ने पूरे क्षेत्र को आकर्षक प्राकृतिक छटा से भर दिया। श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति के इस अनूठे रूप को करीब से देखना विशेष अनुभव रहा।



