कैराना
लोक अदालत के प्रचार वाहन को जनपद न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी
14 मार्च को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन और व्यापक जनजागरूकता के उद्देश्य से सोमवार को जनपद न्यायालय परिसर से जनपद न्यायधीश ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष इंदर प्रीत सिंह जोश ने प्रचार वाहन को रवाना किया। कार्यक्रम का संयोजन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतिभा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश इंदर प्रीत सिंह जोश ने सभी न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराकर वादकारियों को राहत दिलाने में सहयोग करें। प्रचार वाहन को रवाना करते समय जागरूकता के लिए नारा भी लगाया गय “हम सब वादकारियों ने ठाना है, कोर्ट-कचहरी के चक्कर नहीं लगाना है, लोक अदालत में मामला निपटाना है और हंसते-हंसते घर जाना है।” इस दौरान जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी प्रकार के शमनीय आपराधिक मामले, धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित चेक बाउंस प्रकरण, बैंक रिकवरी वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, बिजली व जल बिल से संबंधित वाद, श्रम वाद, राजस्व वाद, भूमि अधिग्रहण वाद, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद सहित अन्य सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा।कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश व राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी शामली सीमा वर्मा, परिवार न्यायालय के न्यायाधीश बृजेश मिश्रा, न्यायाधीश अंकित कुमार, जिला बार एसोसिएशन कैराना के अधिवक्ता, मध्यस्थगण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पीएलवी कर्मचारी तथा पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
