ललितपुर

तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत

दादा और चाचा घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। मंगलवार सुबह हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दादा और चचेरे चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के ग्राम पटाउआ निवासी सौरभ राजपूत (20) पुत्र गोविंद अपने 65 वर्षीय दादा हल्के और 40 वर्षीय चचेरे चाचा मुकेश के साथ झांसी से दादा का इलाज कराकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। सुबह करीब 9.30 बजे जब वे ललितपुर-सागर मार्ग 44 पर केलगुवां तिराहे के पास शहजाद नदी के नजदीक पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सड़क पर गिर गई और सौरभ ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया, जबकि दादा हल्के और मुकेश को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सदर अनुराग अवस्थी ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों के मुताबिक मृतक सौरभ दो भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी दो महीने की एक बेटी है। वह पढ़ाई के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण भी करता था। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button