शामली
टोडा में युवक पर हमले के मामले में मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के गांव टोडा में दुल्हनडी यानी फाग वाले दिन युवक पर लाठी-डंडों और चाकू से किए गए हमले के मामले में पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीडति पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपित फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। चौसाना क्षेत्र के टोडा निवासी भूरा पर दुल्हनडी के दिन दोपहर के समय गांव के ही दो युवकों रितिक, व आकाश ने लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊन में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए
करनाल के लिए रेफर कर दिया था। इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही थी। घटना के बाद पीड़ति पक्ष ने चौसाना चौकी में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शुरुआती दिनों में कार्रवाई न होने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली थी। सोमवार को पुलिस ने पीडति की तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि पीड़ति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
